CRPF जवान ने की आत्महत्या, पुलिस कर रही है जांच
चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला पुलिस पिकेट पर तैनात CRPF जवान आशीष कुमार सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और CRPF अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शीला पुलिस पिकेट पर तैनात CRPF के जवान आशीष कुमार सिंह (38) ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे कैंप में शोक का माहौल है। आशीष कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर, भदोई के निवासी थे। आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की जानकारी मिलते ही CRPF और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैंप में तैनात जवानों से घटना के बारे में पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चतरा भेज दिया। अधिकारियों ने जवान के परिजनों को भी सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार, जवान आशीष कुमार सिंह रात की ड्यूटी पर थे और इसी दौरान उन्होंने खुद को गोली मार ली। यह पहली बार नहीं है जब जिले के विभिन्न कैंपों में इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ महीने पहले चतरा जिला मुख्यालय स्थित CRPF 190 बटालियन कैंप में मध्य प्रदेश के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके पहले कान्हाचट्टी में भी एक जवान ने फांसी लगाकर अपनी जान दी थी।
घटना के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
What's Your Reaction?






