भाजपा के चुनावी वादे या जुमलेबाजी? कांग्रेस नेता डॉ. अजय कुमार का बड़ा बयान
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय कुमार ने भाजपा के पंच प्रण और चुनावी घोषणाओं को झारखंड की जनता के साथ धोखा बताया है। उन्होंने गैस सिलेंडर और महिलाओं की योजनाओं पर भी सवाल उठाए।

जमशेदपुर, 6 अक्टूबर 2024: पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अजय कुमार ने भाजपा के "पंच प्रण" को चुनावी जुमला बताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने फिर से जनता को धोखा देने की कोशिश की है। डॉ. अजय कुमार ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पहले से ही “मईंया सम्मान योजना” के तहत महिलाओं को प्रति माह 1000 रुपये की मदद दे रही है। इसके बावजूद, भाजपा ने हाईकोर्ट में इस योजना को रोकने की याचिका दाखिल की है।
डॉ. अजय कुमार ने भाजपा की 2100 रुपये प्रति माह देने की नई घोषणा पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि अगर भाजपा वाकई महिलाओं के हित में काम कर रही है, तो जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां ऐसी कोई योजना क्यों नहीं लागू की गई? उन्होंने कहा, "यह सिर्फ चुनावी जुमला है।"
भाजपा द्वारा 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा पर भी डॉ. कुमार ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा ने इस योजना की बात की थी, वहां अब तक इसे लागू नहीं किया गया। जनता अभी भी सस्ते सिलेंडर का इंतजार कर रही है। उन्होंने पूछा, "अगर झारखंड में 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा, तो बाकी राज्यों के लोगों ने क्या गुनाह किया है?"
डॉ. अजय ने यह भी याद दिलाया कि 2014 में मोदी सरकार ने हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया था। लेकिन वह भी सिर्फ जुमला निकला। आज देश में बेरोजगारी पिछले 20 सालों का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। महंगाई आसमान छू रही है, लेकिन भाजपा को सत्ता की भूख है।
अंत में, उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की नीयत और उनके वादों को समझ चुकी है। हरियाणा की तरह झारखंड में भी भाजपा की जुमलेबाजी का असर नहीं होने वाला। जनता अब उन्हें नकारने के लिए तैयार है।
What's Your Reaction?






