मीरा सिंह की "त्याग की पराकाष्ठा" पुस्तक का भव्य लोकार्पण

01 सितम्बर रांची के प्रेस क्लब, मोराबादी में साहित्य प्रेमियों और लेखकों का एक अनोखा संगम देखने को मिला, जहां प्रसिद्ध लेखिका मीरा सिंह के प्रथम कहानी संग्रह "त्याग की पराकाष्ठा" पुस्तक का भव्य लोकार्पण और कृति चर्चा आयोजित की गई। इस साहित्यिक कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार अशोक प्रियदर्शी ने की, जबकि प्रमुख वक्ता के रूप में अरुण कुमार, अनिता रश्मि, प्रमोद कुमार झा, और रीता गुप्ता ने अपनी विद्वतापूर्ण टिप्पणियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का कुशल संचालन राजीव थेपड़ा द्वारा किया गया।
कहानी संग्रह "त्याग की पराकाष्ठा" पर चर्चा के दौरान वक्ताओं ने मीरा सिंह की लेखनी की गहराई और उनकी सामाजिक चेतना की सराहना की। लेखक सोनू कृष्णन का कहना है कि, "मीरा सिंह की कहानियाँ समाज के वास्तविक चित्रण को सामने लाती हैं। उन्होंने अपनी कहानियों में मानवीय संवेदनाओं और संघर्षों को बेहद प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। इस संग्रह की कहानियों को नारी के त्याग और धैर्य की मिसाल बताया, जबकि उन्होंने ये भी कहा कि ये कहानियाँ पाठकों को सोचने पर मजबूर करती हैं। मीरा सिंह की लेखनी पाठकों के दिलों को छू जाती है और उनके चरित्र जीवंत हो उठते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित साहित्य प्रेमियों और स्थानीय लेखकों ने भी मीरा सिंह के इस नए संग्रह को लेकर बधाई दिए एवं उत्साह व्यक्त किए। सभी ने इस बात पर जोर दिया कि "त्याग की पराकाष्ठा" एक महत्वपूर्ण साहित्यिक योगदान है जो समाज के विभिन्न पहलुओं पर गहन दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है।
इस पूरे आयोजन का श्रेय "टीम शब्दकार" को जाता है, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, लेखक, और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
What's Your Reaction?






