Hemant Soren Meets Lalu Yadav : लालू यादव के घर पहुंचे हेमंत सोरेन, राहुल-तेजस्वी संग चुनावी रणनीति तेज
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने पटना में लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव से मुलाकात की। राहुल गांधी भी पहुंचे वोट अधिकार यात्रा के मंच पर, बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष ने साधा बीजेपी पर निशाना।
पटना में इन दिनों राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को पटना पहुंचकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी मुलाकात की।
हेमंत सोरेन की यह मुलाकात ऐसे वक्त में हुई है जब बिहार की सियासत में विपक्ष ने "मतदाता अधिकार यात्रा" के जरिए बीजेपी और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
बताया जा रहा है कि इस यात्रा के समापन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए और उन्होंने मंच से बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने एक स्वर में चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया।
दरअसल, चुनाव आयोग ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची से फर्जी वोटरों को हटाना बताया जा रहा है। लेकिन विपक्ष का कहना है कि यह कवायद केवल बीजेपी को फायदा पहुँचाने के लिए की जा रही है।
महागठबंधन के नेताओं का मानना है कि बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस प्रकार की कार्रवाई जनता के मताधिकार पर सीधा हमला है। इसी मुद्दे को लेकर राजद, कांग्रेस और झामुमो जैसी विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर वोट अधिकार यात्रा के जरिए जनता के बीच जा रही हैं।
लालू यादव से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने भी विपक्षी एकता पर जोर दिया और साफ किया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी दल मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।
आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में इस मुलाकात और विपक्ष की इस एकजुटता को बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है।
What's Your Reaction?


