Toklo Murder: ग्रामीण विक्रम हेंब्रम की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
टोकलो थाना क्षेत्र में विक्रम हेंब्रम हत्या कांड का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
झारखंड के टोकलो थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। जनवरी 2025 में हुई ग्रामीण मुंडा विक्रम हेंब्रम की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी झरझरा कामेगड़ा इलाके से सोमवार, 1 सितंबर को की गई।
पुलिस ने आरोपियों लांडु हेंब्रम और सीताराम हेंब्रम के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कैसे हुई थी हत्या?
27 जनवरी, 2025 को विक्रम हेंब्रम की उस समय धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई थी, जब वे झरझरा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने तत्काल अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की गुप्त कार्रवाई
सोमवार को वरीय अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि हत्या के अभियुक्त झरझरा-कामेगढ़ा इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद टोकलो थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
आपसी विवाद बना वजह
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि विक्रम हेंब्रम की हत्या पुराने आपसी विवाद को लेकर की गई थी। यानी यह हत्या पूरी तरह से रंजिशन अंजाम दी गई थी।
What's Your Reaction?


