रांची में अयोध्या के श्री राम मंदिर का भव्य प्रारूप, श्रद्धालुओं के लिए खास दर्शन
रांची के धुर्वा में श्री राम लला पूजा समिति द्वारा अयोध्या के श्री राम मंदिर का भव्य प्रारूप तैयार किया जा रहा है। नवरात्रि में भक्तों को मिलेगा अद्वितीय दर्शन का मौका।

रांची: 12 सितंबर 2024 - रांची के भक्त इस बार पूजा में एक विशेष अनुभव का आनंद ले सकेंगे। श्री राम लला पूजा समिति, रांची के सानिध्य में, पुराना विधानसभा मैदान, धुर्वा में अयोध्या के नवनिर्मित श्री राम मंदिर का भव्य प्रारूप तैयार किया जा रहा है।
पंडाल का निर्माण काम तेजी से चल रहा है। कोलकाता के 200 कारीगरों द्वारा इस निर्माण कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। पंडाल के स्तंभ, शिखर और अन्य डिजाइनों का काम भी जोर-शोर से जारी है। पूरा पंडाल अयोध्या धाम के श्री राम मंदिर के समान दिखेगा।
इस पंडाल में भक्त श्री राम लला के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही, मैदान में 26 फीट ऊंची श्री बजरंगबली की विशाल 4D मूर्ति भी आकर्षण का केंद्र बनेगी। नवरात्रि के दौरान, पंडाल के गर्भगृह में मां भवानी की भी पूजा की जाएगी।
दशहरे के अवसर पर, 2 अक्टूबर से लेकर 12 अक्टूबर तक, श्रद्धालु यहां दर्शन कर सकेंगे। मैदान परिसर में मेला और फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां लोग शुद्ध व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।
पंडाल की लंबाई 170 फीट, चौड़ाई 120 फीट और ऊचाई 100 फीट होगी। इसके निर्माण पर लगभग 98 लाख रुपए की लागत आ रही है। समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी और सचिव कुणाल आजमानी ने बताया कि पंडाल में श्री राम की प्रतिमा सिलिकॉन की बनी होगी, जो अयोध्या में स्थापित भगवान श्री राम की प्रतिमा जैसी होगी। यह पूजा पंडाल झारखंड में अब तक का सबसे बड़ा पंडाल होगा और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
धुर्वा क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पंडाल का निर्माण हो रहा है। समिति को स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है। कई गणमान्य लोग और युवा भी इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति जल्द ही कार्य समिति का गठन करेगी, जिसमें कई प्रमुख लोग शामिल होंगे।
What's Your Reaction?






