ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास जमशेदपुर से हुए रवाना, कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी के दिए निर्देश
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास जमशेदपुर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनाव की तैयारी का आह्वान किया।

जमशेदपुर, 25 सितंबर 2024: ओडिशा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास आज जमशेदपुर से भुवनेश्वर के लिए रवाना हो गए। वे पिछले चार दिनों तक जमशेदपुर में रहे। बुधवार को सोनारी एयरपोर्ट से उन्होंने भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरी। विदाई के समय उन्हें शुभकामनाएं देने और विदा करने के लिए भाजपा के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद थे।
रघुबर दास को विदाई देने पहुंचे नेताओं में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, सिदगोड़ा सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, संदीप शर्मा, सुदीप्तो डे राणा, धर्मेंद्र प्रसाद, गौतम प्रसाद, और बोलटू सरकार शामिल थे। इन सभी ने राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें भुवनेश्वर के लिए रवाना किया।
अपने चार दिन के जमशेदपुर प्रवास के दौरान, रघुबर दास ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संगठन के लिए जी-जान से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने और चुनावी रणनीतियों पर ध्यान देने की जरूरत है।
श्री दास ने इन दिनों जमशेदपुर में आम जनता के अलावा कई संगठनों के सदस्यों से भी मुलाकात की। इन बैठकों के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें एकजुट होकर काम करने की सलाह दी। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
रघुबर दास का जमशेदपुर दौरा सफल रहा, और अब वे अपने कार्यों को लेकर ओडिशा के भुवनेश्वर वापस लौट गए हैं।
What's Your Reaction?






