भाजपा की बड़ी बैठक: पीएम मोदी का जमशेदपुर दौरा और संकल्प यात्रा पर बड़ा फैसला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बिष्टुपुर के तुलसी भवन में बैठक हुई। पीएम मोदी की जमशेदपुर यात्रा और संगठन की संकल्प यात्रा पर हुए बड़े फैसले।

आज बिष्टुपुर के तुलसी भवन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में कोल्हान प्रमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में तीन मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई।
पहला मुद्दा 8 और 9 सितंबर का था। इन दो दिनों में भाजपा के सभी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। हर बूथ पर कार्यकर्ता तैनात रहेंगे और मतदाता सूची की जांच करेंगे।
दूसरा मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जमशेदपुर दौरा था। बाबूलाल मरांडी ने बताया कि 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर कुछ नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और कुछ नए प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा, भाजपा की ओर से एक विशाल जनसभा का भी आयोजन होगा, जिसमें पंचायत स्तर के सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे।
तीसरे मुद्दे में उन्होंने झारखंड के संगठनात्मक ढांचे पर बात की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य को चार प्रमंडलों की बजाय 6 प्रमंडलों में बांटा है। 20 या 21 सितंबर को इन सभी प्रमंडलों में भाजपा की संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा जहां से शुरू होगी, वहीं घूमकर वापस आकर समाप्त होगी।
बाबूलाल मरांडी ने मीडिया से बातचीत में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया। महिलाओं को सोने का सिक्का, हर परिवार को 72,000 रुपये और हर साल एक लाख नौकरी देने का वादा सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया है।
उन्होंने चंपई सोरेन और लोबिन हेंब्रम जैसे नेताओं के पार्टी छोड़ने पर भी सवाल उठाए और कहा कि आने वाले समय में कई और नेता भाजपा में शामिल होंगे।
मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्ट है और भाजपा ही इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी।
What's Your Reaction?






