क्या मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं से किया था धोखा? भाजपा नेता का गंभीर आरोप
भाजपा नेता डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर युवाओं को नौकरी का झांसा देने का आरोप लगाया। क्या झारखंड के युवा रोजगार के लिए पलायन कर रहे हैं?

बहरागोड़ा: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने एक बड़ा आरोप लगाया है। डॉ. गोस्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 5 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन अब तक किसी को भी रोजगार नहीं मिला। इस वजह से युवा रोजगार के लिए दक्षिण भारत की ओर पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।
डॉ. गोस्वामी बहरागोड़ा प्रखंड के माटिहाना पंचायत में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर ने की। डॉ. गोस्वामी ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की सरकार ने 5 वर्षों में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में एक भी उद्योग स्थापित नहीं किया। साथ ही, राज्य के प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में बार-बार प्रश्न पत्र लीक और परीक्षाएं स्थगित होने से छात्र निराश हैं।
हाल ही में नगर विकास विभाग के सहायक नगर निवेशक पद पर चयनित 28 अभ्यार्थियों में से 17 दूसरे राज्यों के हैं। डॉ. गोस्वामी ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने पिछले चुनाव के दौरान झारखंड के युवाओं को सरकारी नौकरियों में 100 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया था, लेकिन अब उन्होंने झारखंड के युवाओं को धोखा दिया है।
डॉ. गोस्वामी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में जनविरोधी झामुमो गठबंधन सरकार को हराने और झारखंड में भाजपा सरकार लाने के लिए जन अभियान चलाएं। इस बैठक में जिला महामंत्री बाप्टु साव और कई भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
What's Your Reaction?






